रतलाम। आयुक्त खाद्य एवं औषधि प्रशासन भोपाल के निर्देशानुसार खाद्य सुरक्षा अधिकारी कमलेश जमरा द्वारा दूध में मिलावट के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में मंगलवार को ताल-आलोट क्षेत्र में विभिन्न दूध संग्रहण केंद्रों, डेयरी प्लांट और मध्याह्न भोजन केंद्रों का निरीक्षण कर खाद्य पदार्थों के नमूने लिए गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी ने ग्राम थम्बगुराड़िया स्थित श्री सांवरिया दूध संग्रहण केंद्र से मिक्स्ड दूध तथा ग्राम धुत्ताखेड़ी स्थित जय श्री महाकाल दूध संग्रहण केंद्र से मिक्स्ड दूध के नमूने लिए। इसके बाद ग्राम लूनी स्थित शासकीय एकीकृत माध्यमिक विद्यालय में संचालित आदर्श स्व-सहायता समूह द्वारा तैयार किए जा रहे मध्याह्न भोजन से पूड़ी, आलू की सब्जी एवं खीर के नमूने जांच के लिए एकत्रित किए गए।
इसी प्रकार ताल स्थित पंथपिपलौदा रोड पर संचालित नाकोड़ा डेयरी प्लांट से घी एवं गाय के दूध के नमूने भी लिए गए।
निरीक्षण के दौरान ग्राम थम्बगुराड़िया स्थित श्री सांवरिया दूध संग्रहण केंद्र तथा ग्राम लूनी स्थित आदर्श स्व-सहायता समूह का संचालन बिना खाद्य पंजीयन के पाया गया। इस पर दोनों प्रतिष्ठानों के विरुद्ध खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम के तहत बिना खाद्य पंजीयन संचालन का प्रकरण दर्ज किया गया है।
खाद्य विभाग के अनुसार, लिए गए सभी नमूनों को जांच के लिए राज्य खाद्य प्रयोगशाला भोपाल भेजा जाएगा। प्रयोगशाला से जांच रिपोर्ट प्राप्त होने के बाद नियमानुसार आगे की कार्रवाई की जाएगी।
दूध में मिलावट के खिलाफ खाद्य विभाग की कार्रवाई, दूध और मिड-डे मील के लिए नमूनेबिना खाद्य पंजीयन संचालित पाए गए दो प्रतिष्ठानों पर प्रकरण दर्ज
By starhindinewslive@gmail.com
Published On:









