नीमच, 22 जुलाई 2026
किसान कल्याण तथा कृषि विकास विभाग,मध्यप्रदेश द्वारा कृषि सब मिशन ऑन एग्रीकल्चर एक्सटेंशन अंतर्गत वर्ष 2025-26 के लिए सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार प्रदान किए जाएंगे। इसके लिए जिले के कृषकों एवं कृषक समूहों से आवेदन आमंत्रित किए गए हैं।
योजना के तहत जिले के प्रत्येक विकासखंड से कृषि, उद्यानिकी,पशुपालन,मत्स्य पालन एवं कृषि अभियांत्रिकी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले एक-एक कृषक सहित कुल पांच कृषकों का चयन किया जाएगा। चयनित प्रत्येक कृषक को 10 हजार रुपये का विकासखंड स्तरीय पुरस्कार प्रदान किया जाएगा। इसी प्रकार जिला स्तर पर इन पांचों क्षेत्रों में चयनित श्रेष्ठ कृषकों को 25-25 हजार रुपये का पुरस्कार प्रदान किया जाएगा।
विकासखंड स्तरीय सर्वोत्तम कृषक पुरस्कार के चयन के लिए गठित समिति के अध्यक्ष कलेक्टर होंगे। परियोजना संचालक आत्मा समिति के सदस्य सचिव होंगे। उद्यानिकी, पशुपालन, मत्स्य पालन विभाग के जिला प्रमुख तथा कृषि विज्ञान केंद्र के प्रभारी अधिकारी समिति के सदस्य रहेंगे।
परियोजना संचालक आत्मा डॉ. यतिन कुमार मेहता ने जिले के कृषकों एवं कृषक समूहों से अधिक से अधिक संख्या में आवेदन प्रस्तुत करने का आग्रह किया है। उन्होंने बताया कि आवेदन पत्र संबंधित विकासखंड के वरिष्ठ कृषि विकास अधिकारी, ब्लॉक टेक्नोलॉजी मैनेजर कार्यालय तथा संबंधित विभागीय कार्यालयों से प्राप्त किए जा सकते हैं। पूर्ण रूप से भरे हुए आवेदन बंद लिफाफे में 31 जुलाई 2026 तक संबंधित कार्यालय में जमा किए जा सकते हैं।









