नीमच, 20 जुलाई 2026। कलेक्टर श्री हिमांशु चंद्रा के निर्देशानुसार खाद्य एवं औषधि प्रशासन, नीमच द्वारा जिले में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से नयागांव एवं केसरपुरा क्षेत्र के होटल एवं रेस्टोरेंटों का आकस्मिक निरीक्षण किया गया। निरीक्षण के दौरान कुल 13 खाद्य पदार्थों के नमूने लेकर जांच के लिए प्रयोगशाला भेजे गए।
खाद्य सुरक्षा अधिकारी श्री राजू सोलंकी एवं टीम ने होटल जैन मधुबन,नयागांव टोल प्लाजा का निरीक्षण कर विक्रय हेतु भंडारित जीरा, काली मिर्च, अजवाइन एवं मेथीदाना के 4 नमूने लिए।
इसी प्रकार श्री अन्नपूर्णा होटल, नयागांव टोल प्लाजा से सौंफ, जीरा, तिल एवं लौंग के 4 नमूने तथा होटल जाट श्री, मेन रोड केसरपुरा (तहसील जावद) से पनीर, हल्दी पाउडर, मिर्च पाउडर, धनिया पाउडर एवं जीरा के 5 नमूने खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत मानक गुणवत्ता की जांच के लिए लिए गए।
निरीक्षण के दौरान तीनों प्रतिष्ठानों द्वारा खाद्य निर्माण में उपयोग किए जाने वाले पानी की जांच रिपोर्ट, तैयार खाद्य पदार्थों की परीक्षण रिपोर्ट तथा कर्मचारियों के मेडिकल फिटनेस प्रमाण-पत्र सहित आवश्यक दस्तावेज प्रस्तुत नहीं किए जाने पर खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 की धारा-32 के अंतर्गत नोटिस जारी किए गए।
खाद्य एवं औषधि प्रशासन ने बताया कि प्रयोगशाला से जांच प्रतिवेदन प्राप्त होने के उपरांत नियमानुसार आवश्यक वैधानिक कार्रवाई की जाएगी। साथ ही संबंधित प्रतिष्ठानों को खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 तथा उससे संबंधित नियमों का पूर्णतः पालन सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए गए।









