ब्यूरो रिपोर्ट अजीमुल्ला खान
रामपुरा, प्रतिनिधि। थाना रामपुरा द्वारा संचालित सेफ क्लिक 2.0 साइबर सुरक्षा अभियान के अंतर्गत बुधवार को शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय, रामपुरा में साइबर जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर थाना प्रभारी विपिन मसीह विद्यालय प्राचार्य अमिताभ उचाना शिक्षक दिनेश पवार अनुराग खींची एवं शिक्षिकाएं सहित कार्यक्रम में कक्षा 9वीं, 10वीं, 11वीं एवं 12वीं की लगभग 80 छात्राओं तथा विद्यालय के शिक्षकों ने सहभागिता की।
कार्यक्रम के दौरान पुलिस अधिकारियों ने छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर अपराधों के विभिन्न स्वरूपों, ऑनलाइन ठगी, फर्जी कॉल, ओटीपी एवं बैंकिंग फ्रॉड, सोशल मीडिया के सुरक्षित उपयोग, साइबर बुलिंग तथा डिजिटल सुरक्षा के संबंध में विस्तार से जानकारी दी। साथ ही साइबर ठगी से बचने के लिए आवश्यक सावधानियों से अवगत कराया।
पुलिस ने बताया कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंक खाते, एटीएम, ओटीपी, सीवीवी या अन्य गोपनीय जानकारी साझा न करें। किसी भी प्रकार की साइबर धोखाधड़ी की स्थिति में तत्काल 1930 साइबर हेल्पलाइन पर संपर्क करने तथा राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की सलाह दी गई।
कार्यक्रम के अंत में सभी छात्राओं एवं शिक्षकों को साइबर सुरक्षा के प्रति सजग रहने तथा अपने परिवार एवं समाज को भी जागरूक करने की शपथ दिलाई गई। विद्यालय परिवार ने थाना रामपुरा द्वारा आयोजित इस जनजागरूकता कार्यक्रम की सराहना करते हुए पुलिस का आभार व्यक्त किया।









