रामपुरा तहसील मुख्यालय के अंतर्गत बेसला डायली के पास स्थित परपड़िया गांव के पास देवस्थान पर पूजा करने गए गुर्जर समाज के श्रद्धालुओं पर अचानक मधुमक्खियों के झुंड ने हमला कर दिया। इस घटना में पांच लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनमें रमती भाई (70 वर्ष), छोटी बाई (60 वर्ष), मनीष (5 वर्ष), वेदिका (6 वर्ष) और पूनम (3 वर्ष) शामिल हैं।
घायलों को तत्काल रामपुरा सिविल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल वेदिका को जिला चिकित्सालय रेफर कर दिया गया। वहीं अन्य घायलों का उपचार रामपुरा सिविल अस्पताल में जारी है।
रामपुरा सिविल अस्पताल के इंचार्ज डॉक्टर अभिषेक चौहान ने बताया देवस्थान पर पूजा करने गई श्रद्धालु एवं बच्चों को मधुमक्खियां के दल ने डंक मार कर घायल कर दिया है जिन्हें गंभीर अवस्था में सिविल अस्पताल लाया गया छोटे-छोटे बच्चों को मधुमक्खियों के कई बार काटने के कारण उनकी हालत गंभीर हो गई थी, इसलिए प्राथमिक उपचार के बाद उन्हें जिला चिकित्सालय रेफर किया गया है। घटना के बाद गांव में दहशत का माहौल बना हुआ है









