*सदर निम्बाहेड़ा पुलिस की बड़ी कार्यवाही : सवा करोड़ की अवैध कच्ची चांदी बरामद।**54 किलो 540 ग्राम चांदी की सिल्ली व ब्रेजा कार जब्त, तीन आरोपी गिरफ्तार।* थाना सदर निम्बाहेड़ा पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए कार में स्किम बना छिपा रखी करीब सवा करोड़ रुपये मूल्य की 54 किलो 540 ग्राम संदिग्ध कच्ची चांदी की सिल्ली (ईंटें) जब्त की है। पुलिस ने चांदी के परिवहन में प्रयुक्त एक ब्रेजा कार भी जब्त कर तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस अधीक्षक चित्तौड़गढ़ श्री मनीष त्रिपाठी के निर्देशानुसार जिले में सुरक्षा व्यवस्था को मजबूत करने तथा संदिग्ध गतिविधियों पर निगरानी के लिए की जाने वाली कार्यवाही के तहत एएसपी मुख्यालय सरिता सिंह के निर्देशन में थाना सदर निम्बाहेड़ा पुलिस द्वारा सदर थाने के सामने नाकाबंदी की जा रही थी। इसी दौरान थानाधिकारी संजय शर्मा पुलिस निरीक्षक के नेतृत्व में गठित टीम एएसआई सुन्दरपाल, कानि. दयाराम, श्यामलाल, प्रवीण कुमार व ओपीलाराम द्वारा एक ब्रेजा कार को रुकवाकर तलाशी ली गई। तलाशी के दौरान कार के अंदर गियर बॉक्स के नीचे विशेष रूप से बनाई गई लगभग 2.5 फीट लंबी व 1.5 फीट चौड़ी स्कीम (गुप्त खांचा) में छिपाकर रखी 08 चांदी की सिल्ली बरामद हुई। आरोपियों से चांदी के संबंध में कोई वैध बिल या अनुज्ञा पत्र प्रस्तुत नहीं करने पर पुलिस ने चांदी की सिल्ली को जब्त कर लिया, जिसका कुल वजन 54 किलो 540 ग्राम पाया गया। बरामद चांदी की अनुमानित कीमत करीब 1.25 करोड़ रुपये आंकी गई है। पुलिस ने मौके से तीनों आरोपियों बाबूलाल पुत्र लालाराम सिरवी (48 वर्ष) निवासी बेरा नकोड़ा कानेचा पोस्ट खराड़ी थाना जेतारण जिला ब्यावर, हाल बिंजवाड़िया रोड वार्ड नं. 01 बिलाड़ा थाना बिलाड़ा जिला जोधपुर, रतनलाल पुत्र भंवरलाल सिरवी (49 वर्ष) निवासी राठौड़ों का मगरा बिलाड़ा थाना बिलाड़ा जिला जोधपुर व नवनाथ पुत्र हनुमंत पंवार (32 वर्ष) निवासी गोरडवाड़ी थाना मालसिरस जिला शोलापुर (महाराष्ट्र), हाल राजपुरोहितों का मगरिया बिलाड़ा थाना बिलाड़ा जिला जोधपुर को गिरफ्तार कर ब्रेजा कार सहित संदिग्ध चांदी जब्त कर ली तथा प्रकरण दर्ज कर मामले की जांच शुरू की गई है। पुलिस आरोपियों से चांदी की खरीद-फरोख्त, परिवहन के स्रोत तथा संभावित नेटवर्क के संबंध में गहन पूछताछ कर रही है। पुलिस द्वारा मामले की गहन जांच जारी है तथा चांदी के अवैध कारोबार से जुड़े अन्य व्यक्तियों की भी तलाश की जा रही है।
निंबाहेड़ा से शरीफ खान मेव की रिपोर्ट

संपादक,,,
अज्जीमुल्ला खान,, दशरथ माली
9179319989….7582066951











