ब्यूरो रिपोर्ट सत्यनारायण बैरागी
नगर के ख्याति प्राप्त शिक्षण संस्थान श्रीमती कमला सकलेचा ज्ञान मंदिर के पूर्व छात्र नितिन पिता ओमप्रकाश मोदी गरोठ ने यूपीएससी (सिविल परीक्षा) 751 वी रैंक प्राप्त करके क्षेत्र व विद्यालय को गौरांवित किया है। नितिन सन् 2014-15 में विद्यालय से सीबीएसई बोर्ड कक्षा दसवीं पास आउट रहे। आपने ग्रेजुएशन आईआईटी, आईएसएम धनबाद से बी टेक इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन इंजीनियरिंग की पढ़ाई की। श्रीमती कमला सकलेचा ज्ञान मंदिर का यह चौथा विद्यार्थी है, जिसने यूपीएससी में सफलता के झंडे गाड़े हैं। बिना कोचिंग लिए घर से पढ़ाई करके आपने इस महान सफलता को हासिल किया। यह उन सभी अन्य विद्यार्थियों के लिए प्रेरणा का स्रोत है जो सिविल सर्विसेज परीक्षा की तैयारी कर रहे हैं। आज उनके निवास पर जाकर उनके शिक्षक रहे चंद्रशेखर तिवारी, एलके शर्मा, अशोक व्यास व मेस इंचार्ज राकेश माहेश्वरी ने घर पर भेंटकर उनका फूल माला से स्वागत किया। अपने तीसरे अटेम्प्ट में यूपीएससी पास करने वाले नितिन के भाई गौरव मोदी एवं जया जो वर्तमान में लंदन में निवासरत हैं, ने भी कमला सकलेचा ज्ञान मंदिर से अपनी पढ़ाई पूरी की। इसके अतिरिक्त भी विद्यालय ने कई डॉक्टर्स, इंजीनियर, सीए, उद्यमी, उन्नत कृषक, शिक्षक एवं होनहार विद्यार्थियों को तराश कर क्षेत्र व देश की सेवाओं के लिए तैयार किया है। इस सफलता पर विद्यालय के संस्थापक शरद सकलेचा का मन प्रसन्नता से भर गया। उन्होंने, विद्यालय की सचिव प्रतिभा सकलेचा व चेयरपर्सन नीति मोदी ने सभी शिक्षक शिक्षिकाओं के साथ नितिन को इस शानदार उपलब्धि के लिए बधाई प्रेषित की है।













