नीमच–सिंगोली मार्ग पर झांतला से झांतला मोड़ तक लगभग 5 किलोमीटर लंबी सड़क पूरी तरह बदहाल हो चुकी है। सड़क पर जगह-जगह बड़े-बड़े गड्ढे होने से वाहन चालकों, किसानों, विद्यार्थियों, व्यापारियों और ग्रामीणों को रोजाना भारी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। कई लोग इस मार्ग से आने-जाने से भी बच रहे हैं।
झांतला, जो सिंगोली क्षेत्र की सबसे बड़ी ग्राम पंचायतों में गिनी जाती है, प्रथम ग्राम न्यायालय, गोकुल ग्राम, “छोटी भोपाल” और भेरूनाथ जी की पावन नगरी के नाम से प्रसिद्ध है। बावजूद इसके, गांव को जोड़ने वाली मुख्य सड़क की दुर्दशा विकास के दावों पर गंभीर सवाल खड़े कर रही है।
ग्रामीणों का कहना है कि हर बार सड़क की मरम्मत या निर्माण किया जाता है, लेकिन कुछ ही समय बाद सड़क फिर से उखड़ जाती है। उनका आरोप है कि घटिया निर्माण कार्य के कारण सरकारी धन तो खर्च होता है, लेकिन स्थायी समाधान नहीं हो पाता।
इस सड़क की खराब हालत से स्थानीय व्यापार प्रभावित हो रहा है, किसानों को कृषि उपज लाने-ले जाने में कठिनाई हो रही है, वहीं मरीजों और स्कूली बच्चों को भी जोखिम उठाकर सफर करना पड़ रहा है।
क्षेत्रवासियों ने शासन-प्रशासन और जनप्रतिनिधियों से मांग की है कि झांतला से झांतला मोड़ तक सड़क का गुणवत्तापूर्ण और स्थायी निर्माण कराया जाए, ताकि लोगों को सुरक्षित और सुगम आवागमन की सुविधा मिल सके। साथ ही ग्रामीणों ने निर्माण कार्य की गुणवत्ता की निष्पक्ष जांच कराने की भी मांग उठाई है। सिंगोली से ख्वाजा हुसैन मेवाती की रिपोर्ट
झांतला मोड़ सड़क बनी मुसीबत, 5 किलोमीटर का सफर हुआ जानलेवा
By starhindinewslive@gmail.com
Published On:









