रामपुरा। भारतीय जनता पार्टी में लंबे समय से चल रही अंदरूनी खींचतान एक बार फिर खुलकर सामने आ गई। भाजपा पिछड़ा वर्ग मोर्चा के जिला अध्यक्ष समरथ बागवान के अल्प प्रवास पर रामपुरा आगमन के दौरान आयोजित स्वागत कार्यक्रम में पार्टी के भीतर गुटबाजी और मतभेद स्पष्ट रूप से दिखाई दिए।
जानकारी के अनुसार समरथ बागवान के स्वागत एवं अभिनंदन का संदेश भाजपा कार्यकर्ताओं को सोशल मीडिया के माध्यम से प्राप्त हुआ था, जिसके आधार पर बड़ी संख्या में कार्यकर्ता विधायक कार्यालय पहुंचे और जिला अध्यक्ष का स्वागत किया। लेकिन इसी दौरान पार्टी के कई वरिष्ठ पदाधिकारी और जनप्रतिनिधि विधायक कार्यालय से दूरी बनाते नजर आए।
बताया जा रहा है कि अनेक भाजपा पदाधिकारियों एवं जनप्रतिनिधियों ने विधायक कार्यालय में आयोजित कार्यक्रम में शामिल होने के बजाय नगर परिषद कार्यालय में पृथक रूप से जिला अध्यक्ष समरथ बागवान का स्वागत किया। इससे पार्टी कार्यकर्ताओं के बीच विभिन्न गुटों की सक्रियता चर्चा का विषय बन गई।
जिसकी तस्वीरें सोशल मीडिया पर तेजी से वायरल हुईं। अलग-अलग स्थानों पर हुए स्वागत कार्यक्रमों ने भाजपा संगठन में चल रही खींचतान को और उजागर कर दिया।
राजनीतिक गलियारों में चर्चा है कि विधायक कार्यालय के शुभारंभ के बाद यह उम्मीद जताई जा रही थी कि पार्टी के सभी पदाधिकारी और कार्यकर्ता एक मंच पर आकर संगठन को मजबूत करने की दिशा में कार्य करेंगे। लेकिन हालिया घटनाक्रम ने यह संकेत दिया है कि स्थानीय स्तर पर मतभेद अभी भी पूरी तरह समाप्त नहीं हुए हैं।
राजनीतिक जानकारों का मानना है कि यदि समय रहते इन मतभेदों को दूर नहीं किया गया तो आने वाले चुनावी समीकरणों पर इसका प्रभाव पड़ सकता है। फिलहाल समरथ बागवान के स्वागत कार्यक्रम ने रामपुरा भाजपा की आंतरिक राजनीति को एक बार फिर चर्चा के केंद्र में ला दिया है।
जिला अध्यक्ष का स्वागत कार्यक्रम बना चर्चा का विषय, भाजपा में गुटबाजी आई सामने
By starhindinewslive@gmail.com
Published On:







