पुलिस अधीक्षक मन्दसौर श्री विनोद कुमार मीना के कुशल मार्गदर्शन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक महोदय गरोठ एवं एसडीओपी महोदय गरोठ के निर्देशन में जिले में फरार एवं इनामी अपराधियों की धरपकड़ हेतु विशेष अभियान चलाया जा रहा है ।
इसी अभियान के अंतर्गत थाना प्रभारी भानपुरा निरीक्षक आर.सी. डांगी के नेतृत्व में थाना भानपुरा के अपराध क्रमांक 97/2022 धारा 354-ए, 452, 506 भादवि एवं धारा 11, 12 पॉक्सो एक्ट के फरार इनामी आरोपी तथा अपराध क्रमांक 244/2021 धारा 323, 294, 506 भादवि में माननीय जेएमएफसी न्यायालय भानपुरा से जारी गिरफ्तारी वारंट के आरोपी अजय राणा पिता रमेश भील, उम्र 23 वर्ष, निवासी गुलाब नगर, केथूली को गिरफ्तार करने में महत्वपूर्ण सफलता प्राप्त हुई है।
उक्त आरोपी महिला एवं पॉक्सो एक्ट से संबंधित गंभीर अपराध में घटना कारित करने के पश्चात फरार हो गया था। गिरफ्तारी के भय से वह अपना निवास स्थान छोड़कर गुजरात के गांधीधाम क्षेत्र में चला गया था, जहां वह विभिन्न फैक्ट्रियों में नौकरी कर अपनी पहचान छिपाकर रह रहा था। थाना भानपुरा पुलिस द्वारा लगातार तकनीकी निगरानी एवं मुखबिर तंत्र को सक्रिय रखते हुए आरोपी की तलाश की जा रही थी।
इसी दौरान तकनीकी साक्ष्यों एवं मुखबिर सूचना के आधार पर आरोपी के गुजरात राज्य के गांधीधाम क्षेत्र में होने की जानकारी प्राप्त हुई। प्राप्त सूचना पर थाना भानपुरा के एएसआई सुनील सिंह तोमर एवं प्रधान आरक्षक क्रमांक 518 महेन्द्र सिंह झाला द्वारा अथक परिश्रम, तकनीकी दक्षता एवं व्यावसायिक कौशल का परिचय देते हुए लगभग 900 किलोमीटर दूर गांधीधाम (गुजरात) पहुंचकर आरोपी को गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की गई। गिरफ्तार आरोपी अजय राणा को माननीय न्यायालय भानपुरा पेश किया, जहां से उप जेल गरोठ भेज दिया है.
उल्लेखनीय है कि आरोपी की गिरफ्तारी हेतु पुलिस अधीक्षक मन्दसौर द्वारा आदेश क्रमांक मन्द/DCB/119/2024 दिनांक 13.09.2024 के माध्यम से ₹1000/- (एक हजार रुपये) का नगद पुरस्कार घोषित किया गया था।
थाना भानपुरा पुलिस की इस प्रभावी कार्रवाई से फरार अपराधियों में पुलिस का भय एवं आमजन में सुरक्षा का विश्वास और अधिक सुदृढ़ हुआ है।
गिरफ्तार आरोपी – अजय राणा पिता रमेश भील, उम्र 23 वर्ष, निवासी गुलाब नगर, केथूली वर्तमान पता – सतावरा सेक्टर नं. 04 गांधीधाम जिला कच्छ (गुजरात)
सराहनीय योगदान – निरी. रमेशचंद दांगी थाना प्रभारी भानपुरा, सउनि सुनिलसिंह तोमर, प्रआर. 518 महेन्द्रसिंह झाला, सायबर सेल मंदसौर आर. मुजफ्फरउद्दीन का सराहनीय योगदान रहा ।







