भवानीमंडी। पुलिस थाना भवानीमंडी क्षेत्र में स्कूल जा रही 11 वर्षीय नाबालिग छात्रा का पीछा कर उसे पैसों का लालच देकर मोटरसाइकिल पर बैठाने का प्रयास करने वाले आरोपी को पुलिस ने मात्र 24 घंटे में गिरफ्तार कर लिया। आरोपी की पहचान रितेश कुमार (37) पुत्र रमेशचंद्र भील निवासी पचपहाड़ के रूप में हुई है। पुलिस ने घटना में प्रयुक्त मोटरसाइकिल भी जब्त कर ली है। जिला पुलिस अधीक्षक अमित कुमार ने बताया कि जिले में सक्रिय अपराधियों के खिलाफ विशेष अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के तहत भवानीमंडी थाना पुलिस द्वारा विशेष टीम गठित की गई थी, जिसने तकनीकी व मनोवैज्ञानिक विश्लेषण के आधार पर आरोपी की पहचान कर उसे गिरफ्तार किया। थानाधिकारी प्रमोद कुमार ने बताया कि दिनांक 06 दिसंबर 2025 को पीड़िता के पिता ने थाना में लिखित रिपोर्ट दी थी। रिपोर्ट में बताया गया कि उनकी 11 वर्षीय बेटी सुबह घर से स्कूल जा रही थी, तभी पीछे से आए एक मोटरसाइकिल सवार व्यक्ति ने उसे रोककर10 रुपये देने का लालच देकर मोटरसाइकिल पर बैठने को कहा। बच्ची के मना करने पर वह व्यक्ति आगे जाकर फिर वापस आया और 100 रुपये देने का लालच देकर साथ चलने का प्रयास किया। डर के कारण बच्ची वहां से भागकर पास की चाय की दुकान पर चली गई और रोने लगी। आरोपी मुंह पर मफलर बांधे हुए था और भवानीमंडी की तरफ फरार हो गया। शिकायत के बाद पुलिस ने तत्काल मामला दर्ज कर जांच शुरू की। घटना की गंभीरता को देखते हुए अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक भागचंद मीणा व वृत्ताधिकारी प्रेम कुमार आरपीएस के निर्देशन में पुलिस टीम बनाई गई। टीम ने पूरे रूट का तकनीकी विश्लेषण कर मात्र 24 घंटे में आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। आरोपी के कब्जे से घटना में प्रयुक्त पैशन प्रो मोटरसाइकिल (RJ 17 SF 6982) भी जब्त की गई है। पुलिस जांच में सामने आया कि आरोपी शादीशुदा है और घटना के समय वह अपनी पत्नी को काम पर छोड़कर वापस लौट रहा था। फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है।
ब्यूरो रिपोर्ट











